Skip to content

इकाई 1

हमारे परिवार और समुदाय

इकाई के विषय में

हम सभी भिन्न-भिन्न परिवारों से आते हैं, जो एक-दूसरे के निकट, सहयोगी तथा सहभागी समुदायों में रहते हैं। हम मिल-जुलकर तरह-तरह के पेड़-पौधों को उगाते हैं, भिन्न-भिन्न पशु-पक्षियों की देख-रेख करते हैं और इस तरह अपने सहभाजित पर्यावरण के कल्याण में योगदान देते हैं। आपसी सहायता और सामूहिक प्रयासों के माध्यम से हम जीवंत और सामंजस्यपूर्ण समुदायों का निर्माण करते हैं।

यह इकाई हमारे परिवारों और समुदायों के अनेक पहलुओं को, हमारे सहभागी कार्य व आपसी सहयोग में प्रमुखता देती है। हम अपने आस-पास के पर्यावरण को बनाए रखते तथा सम्मान देते हुए, उन पौधों तथा जीव-जंतुओं को सुरक्षा देने के लिए प्रतिबद्ध हैं जो हमें भोजन, वस्त्र तथा अन्य वस्तुएँ देते हैं। मेलों तथा त्योहारों जैसे उत्सव हम सबको खेलने, गाने, नृत्य करने के लिए साथ लाते हैं। हम भी प्रकृति के घटकों, जैसे- सूर्य, चंद्रमा, वायु, जल तथा मिट्टी का सम्मान करते हुए अपनी कृतज्ञता ज्ञापित करते हैं।

1.3.tif

शिक्षकों के लिए

यह पुस्तक चार इकाइयों में विभाजित है। प्रत्येक इकाई में 3 अध्याय हैं। इकाई 1 का नाम 'हमारे परिवार और समुदाय' है। इस इकाई में अध्यायों के अंतर्गत दी गई प्रमुख अवधारणाएँ इस प्रकार हैं-

अध्याय 1- 'मेरा परिवार और मित्र' अध्याय में एक ही परिवार के विभिन्न सदस्यों, उनके परस्पर संबंधों, आपसी सहयोग तथा उसमें निहित सौहार्दपूर्ण सह-अस्तित्व को दर्शाया गया है।

अध्याय 2- 'मेले में हम' अध्याय हमारे पास तथा दूर के परिवारों के साथ हमारे आपसी संबंधों तथा आनंदपूर्ण गतिविधियों को प्रस्तुत करता है। परिवारों को मेले में जाने से आनंद मिलता है। यहाँ वे विभिन्न सामग्रियों के बारे में जानकारी प्राप्त करते हैं; अलग-अलग लोगों से मिलते हैं; विभिन्न गतिविधियों से जुड़ते हैं और एक आनंदमय वातावरण में आनंद लेते हैं। वे यह भी जान पाते हैं कि समुदाय में सभी परिवार एक-दूसरे की सहायता करते हुए प्रसन्न रहते हैं।

अध्याय 3- 'त्योहार मनाएँ एक साथ' अध्याय विभिन्न प्रकार के भोजन, वस्त्र तथा उन सांस्कृतिक क्रियाकलापों को दर्शाता है जिनसे त्योहारों में लोग आनंद प्राप्त करते हैं। सभी आयु वर्गों के लोग बड़े हर्ष के साथ सामुदायिक त्योहारों में भाग लेते हैं तथा इन्हें मिल-जुलकर मनाते हैं।

1.3.tif

1.3.tif

• गतिविधियों के लिए महत्वपूर्ण, बिना लागत बाली स्थानीय अधिगम-शिक्षण सामग्रियों (एल.टी.एम.) को एकत्र करें। अध्याय 1 को प्रारंभ करने से पहले बच्चों से उनके परिवारों के चित्र लाने और उसे साझा करने तथा उस पर चर्चा करने के लिए कहें।

• बच्चों को दिखाने के लिए यातायात के सामान्य चिह्नों, स्थानीय खाद्य सामग्रियों, पोशाकों तथा खिलौनों आदि के चित्रों को एकत्र करें।

• शैक्षणिक भ्रमण/आगंतुकों से बातचीत- यदि हो सके तो उद्यानों, मेलों, यातायात पार्क, स्थानीय पुलिस थानों, चिकित्सालयों आदि में जाने की योजना बनाएँ। यदि वहाँ जाया न जा सके तो पुलिस कर्मचारियों, अग्निशमन कर्मियों, विकिलाकों, ऐसे अभिभावकों जिनके पास पालतू जानवर हों, दादा-दादी/ नाना-नानी आदि को संसाधको (रिसोर्स पर्सन) के रूप में आमंत्रित करें।


अध्याय 1

मेरा परिवार और मित्र


साथ-साथ खेलना

नमस्ते ! मेरे घर में आपका स्वागत है। मैं बेला हूँ। मेरे दो भाई हैं - बंकू भैया और छोटा बिशु। हमें साथ में घर के बाहर छुपन-छुपाई खेलना बहुत पसंद है। क्या आपको छुपन-छुपाई खेलना आता है? घर में सभी को बिशु के साथ 'पीका-बू'* (लुका-छिपी) खेलना बहुत अच्छा लगता है।

* पीका-बू छोटे बच्चों के साथ खेले जाने वाला खेल है। इस खेल में पहले छिपते हैं, फिर अचानक से 'पीका-बू' कहते हुए सामने आ जाते हैं।

1.3.tif 1.3.tif

हम सभी घर के बाहर खुली जगह में खेलते हैं।

हमने अपने घर के बाहर फूलों का बगीचा लगाया है। हमारे रिश्तेदार, मित्र और पड़ोसी भी यहाँ आते हैं। वे बैठते हैं, बातचीत करते हैं, चुटकुले सुनाते हैं और हम सब साथ में बहुत हँसते हैं। कभी-कभी दिन-भर काम करने के बाद जब मेरे माता-पिता थक जाते हैं, तो वे भी यहीं बैठकर आराम करते हैं। हम सभी को शाम के समय एक साथ समय बिताना बहुत अच्छा लगता है।

1.3.tif

मिलकर गाना

बरसात के दिनों में हम बगीचे में बनाए हुए एक छोटे से छप्पर के नीचे बैठते हैं। आपको पता है कि जब बारिश हो रही होती है, तो बाहर बैठने में कितना आनंद आता है! हम अंत्याक्षरी और साँप-सीढ़ी आदि खेल खेलते हैं। बरसात के दिनों में मेरी माँ और दादी गरमा-गरम चाय और पकौड़े बनाती हैं। हम सब अपने दादा-दादी के साथ बैठकर पकौड़ों का आनंद लेते हैं। कई बार मेरी दादी बरसात के गीत गाती हैं। उन्होंने हमें भी कुछ गीत सिखाए हैं। हम भी उनके साथ मिलकर गाते हैं।

1.3.tif

वर्षा का गीत


बारिश आई ! बारिश आई !

काले-काले बदरा छाकर
बरस रहे हैं छम-छम-छम
बूँदें खिड़की के शीशों पर
बूँदें पेड़ों के पत्तों पर
टपक रही हैं छर-छर-छर
भीग रहे हम झर-झर-झर।

कागज की कश्ती पानी पर
चिड़ियों का झुंड है पेड़ों पर
मोर नाचता पंख फैलाकर
मेंढक करते टर-टर-टर
बारिश की है छटा मनोरम
पुलकित हो रहे तन और मन।

1.3.tif

चर्चा कीजिए


  • बेला के परिवार में कौन-कौन है?
  • आप और आपका परिवार बरसात के समय क्या करता है?
  • क्या आपको बरसात का कोई गीत याद है? कक्षा में अपने मित्रों के साथ गाइए।

लिखिए

नीचे दी गई तालिका में अपने परिवार के सदस्यों के नाम लिखिए —


नाम आपका उनसे सम्बन्ध आप उन्हें क्या कहकर बुलाते हैं?
उर्मिला माँ की बहन मौसी
-
-
-
-

मिलकर हँसना

1.3.tif

मेरे दादाजी जब छोटे थे, तो वे भी कुछ खेल खेलते थे। उन्होंने हमें भी वो खेल सिखाए। वे भी हमारे साथ हमारे खेलों को खेलते हैं। शीरू खुशी में अपनी पूँछ हिलाते और भौंकते हुए हमारे साथ दौड़ता और खेलता है। शीरू का हमारे परिवार में एक विशेष स्थान है। वह हमारे परिवार का सदस्य है। मेरे मित्र भी शीरू के साथ खेलना पसंद करते हैं।

बंकू और बेला शीरू को तंग नही करते हैं। वे शीरू को अपना खाना भी खिलाते हैं।

1.3.tif

पता लगाइए

क्या आप जानते हैं कि जब आपके दादा-दादी छोटे थे, तब वे कौन-से खेल खेलते थे?


तरह-तरह के परिवार

कुछ होते बड़े परिवार
कुछ होते छोटे परिवार
तरह-तरह के हैं परिवार
हम सभी से करते प्यार।

माता-पिता से है परिवार
बच्चों से भी है परिवार
दादा-दादी भी परिवार
और लोगभी हैं परिवार

जरा बताओ और कौन वे
जिनसे होता है परिवार?
ध्यान तुम्हारा रखते हैं जो
उन सबसे होता परिवार।

बहुत खास मेरा परिवार
और तुम्हारा भी परिवार।

1.3.tif 1.3.tif

आप बेला के परिवार को क्या कहेंगे? बड़ा या छोटा परिवार?

एक परिवार में कम या अधिक सदस्य हो सकते हैं।

आपको अपने आस-पड़ोस में अनेक प्रकार के परिवार देखने को मिलेंगे।

1.3.tif

चर्चा कीजिए

• आप अपने परिवार में बड़ों तथा अन्य सदस्यों के साथ कौन-कौन से खेल खेलते हैं?

• आपके घर में या आस-पड़ोस में कौन-कौन से जानवर आते हैं?

• क्या आपने अपने घर आने वाले जानवरों को कभी खाना खिलाया है? अपना अनुभव बताइए।

• आपको क्या लगता है कि हमें जानवरों को तंग क्यों नहीं करना चाहिए या चोट क्यों नहीं पहुँचानी चाहिए?

हमारे परिवार के सदस्य, मित्र, पड़ोसी और रिश्तेदार हमें प्यार करते हैं। वे हमारा ध्यान रखते हैं और हमें सहयोग देते हैं। परिवार में माता-पिता, दादाजी-दादीजी, भाई-बहन (जैसे कि बंकू और बेला) और कुछ अन्य बड़े लोग हो सकते हैं। परिवार में सभी एक-दूसरे से स्नेह करते हैं और एक-दूसरे का ध्यान रखते हैं। परिवार में जानवरों और पेड़-पौधों का भी ध्यान रखा जाता है। गाय, भैंस, कुत्ते, तोते, बिल्लियों और बकरियों जैसे पशु-पक्षी भी कई परिवारों का हिस्सा हो सकते हैं। बेला और बंकू अपने पालतू कुत्ते शीरू 1 को प्यार करते हैं और उसका ध्यान रखते हैं। हमें भी पशुओं के साथ ऐसा ही व्यवहार करना चाहिए।

1.3.tif

एक-दूसरे की सहायता करना


गतिविधि 1

आप अपने परिवार में क्या-क्या गतिविधियाँ होते हुए देखते हैं, उन पर सही (✔) का निशान लगाइए और रंग भरिए -

1.3.tif 1.3.tif

हम अपने घर में बहुत से काम मिल-जुलकर करते हैं। मेरे बाल लंबे हैं। मेरी दादीजी मेरे बालों में तेल लगाती हैं। मेरे विद्यालय जाने से पहले वह मेरी चोटी बनाती हैं। यह करते समय वे गीत गुनगुनाती रहती हैं जिसे सुनना मुझे बहुत अच्छा लगता है। मैंने भी उनसे बहुत से गीत सीखे हैं। मेरे माता-पिता घर की सफाई और खाना पकाने से लेकर बाजार के सभी कामों में एक-दूसरे की सहायता करते हैं।

मेरे दादाजी को बागवानी करना बहुत पसंद है। बंकू भैया और मैं घर के कुछ कामों में अपने माता-पिता और दादा-दादी की सहायता करते हैं। बंकू भैया सब्जियों को साफ करके काटने में सहायता करते हैं। मैं बगीचे में अपने दादाजी की सहायता करती हूँ।

1.3.tif

मुन्नी हमारी बहुत अच्छी मित्र है। वह और उसकी माँ कुसुम मौसी, हमारे घर के पास रहते हैं। कुसुम मौसी बहुत अच्छा खाना बनाती हैं। वह त्योहारों के समय हमारे लिए स्वादिष्ट मिठाइयाँ और विशेष पकवान बनाती हैं। हमारे घर में सभी त्योहारों में वे और मुन्नी हमारे साथ होते हैं।

1.3.tif

मुन्नी बहुत सुंदर रंगोली बनाती है। वह अलग-अलग तरह के सूखे फूलों से बने रंगों का इस्तेमाल करती है। कुछ अवसरों पर, वह पत्तों और फूलों का भी इस्तेमाल करती है। इस काम में उसकी सहायता करना मुझे अच्छा लगता है।

1.3.tif

चित्र बनाइए

आपके परिवार के सदस्य एक-दूसरे की सहायता कैसे करते हैं? कुछ चित्रों द्वारा बनाकर दिखाइए।

1.3.tif

हम अपने परिवार के सदस्यों और पड़ोसियों से बहुत कुछ सीखते हैं।

• आपने अपने परिवार में किससे क्या सीखा?

• क्या आपके परिवार में किसी ने आपसे भी कुछ सीखा है?


गतिविधि 2

पेड़-पौधों से गिरी कुछ पत्तियों और फूलों को इकट्ठा कीजिए और उनसे एक रंगोली बनाइए।


चर्चा कीजिए

• आप अपने परिवार की किस तरह से सहायता करते हैं?

• परिवार में कुछ ऐसे सदस्य, जैसे- दादा-दादी, नाना-नानी, छोटे बच्चे या कोई बीमार व्यक्ति भी हो सकते हैं। आप उनकी सहायता किस तरह से करते हैं?


लिखिए

• आपके परिवार में उम्र में सबसे बड़ा व्यक्ति कौन है?

__________________________________

• आपके परिवार में उम्र में सबसे छोटा व्यक्ति कौन है?

__________________________________

• आपके परिवार में सबसे लंबा व्यक्ति कौन है?

__________________________________

• क्या आपके परिवार के कुछ सदस्य ऐसे भी हैं जो आपके साथ नहीं रहते? वे कौन हैं और कहाँ रहते हैं? आप उनसे कब-कब मिलते हैं?

__________________________________

__________________________________

__________________________________

शिक्षक संकेत

बच्चों को बताएँ कि रंगोली को विभिन्न प्रकार की चीजों का उपयोग करके बनाया जा सकता है। गतिविधि को अपनी निगरानी में कक्षा के फर्श पर करवाएँ।

• अपने मित्रों के नाम लिखिय जो घरया पड़ोस में आपने साथ खेलते हैं?

__________________________________

__________________________________


गतिविधि 3

नीचे दिए गए चित्र को देखिय और बेला का उसके परिवार के सभी सदस्यों के साथ संबंध लिखिए —

1.3.tif

गतिविधि 4

अपने परिवार के सदस्यों का एक चित्र बनाइए। उनके साथ अपना संबंध लिखिए। आप गतिविधि 3 में दिए गए चित्र की सहायता ले सकते हैं।

1.3.tif

लिखिए

उन रिश्तेदारों के नाम लिखिए जो आपके घर आते है. उनका आपके साथ क्या संबंध हैं?


रिश्तेदारों का नाम आपके साथ उनका सम्बन्ध आप उन्हें क्या कहकर बुलाते हैं?
-
-
-
-
-

हम परिवार के दिन-प्रतिदिन के कामों में अपना सहयोग देते हैं, जैसे कि बेला और बंकू करते हैं। हमारे परिवार में कुछ ऐसे भी रिश्तेदार होते हैं, जो हमारे साथ नहीं रहते। वे हमारे माता-पिता से संबंधितु होने के कारण हमसे भी संबंधित होते हैं।

पता लगाइए

बेला के परिवार में सभी सदस्य कुछ न कुछ काम करते हैं। आपके परिवार में कौन क्या-क्या काम करता है? पता लगाइए और पृष्ठ 16 में दी गई तालिका में भरिए।

क्र.सं. काम कोन करता है?
1. भोजन पकाना
2. पौधों को पानी देना
3. चीजों की मरम्मत करना (घर की वस्तुओं की मरम्मत करना, बटन टाँकना आदि)
4. घर की सफाई करना
5. बाजार से सामान लाना
6.
7.

इस सूची में उन सभी कामों को जोड़िए जो आपके परिवार के सदस्य घर में करते हैं।


परिवार और मित्रों के साथ आनंद

छुट्टी का दिन था। हम सभी दादाजी के साथ पार्क में गए। जब हम वहाँ पहुँचे तो हमारे बहुत से मित्र पिट्ठू खेल रहे थे। निक्कू, रिंकी, रोहित, रौनी और तारा एक-दूसरे को तेज दौड़ने और पिट्ठू बनाने के लिए कह रहे थे।

हमने उनके साथ मिलकर दो टीम बना लीं। दादाजी एक गेंद ले आए। उन्होंने गेंद से पिट्ठू तोड़ दिया। सारे पत्थर बिखर गए। हम पत्थरों को एक-दूसरे पर रखने के लिए तेजी से दौड़े। रोहित, निक्कू, रिंकी, तारा और रौनी ने पिट्टू बनाने से रोकने के लिए हमें गेंद से मारकर आउट करने की कोशिश की।

1.3.tif

यह बहुत मजेदार था। कुछ समय बाद हमें थकान-सी लगने लगी। दादाजी ने हमें कुछ देर आराम करने के लिए कहा। लगभग 20 मिनट के बाद दादाजी हमारे लिए आइसक्रीम खरीद लाए। अब अँधेरा होने लगा था, तो हम घर आ गए। खाने, खेलने और हँसने में हमने क्या ही आंनद लिया !

आइए, मंथन करें!


(क) लिखिए

1. परिवार के सदस्य एक-दूसरे के लिए अपना स्नेह किस तरह से दिखाते हैं?

2. आप अपने मित्रों के साथ कौन-कौन से खेल खेलते हैं?


(ख) चित्र बनाइए

अपने परिवार के साथ बिताए खुशियों के कुछ पलों का चित्र बनाइए।

1.3.tif

(ग) चर्चा कीजिए

1. आप अपने परिवार में बड़ों से क्या-क्या सीखते हैं?

2. हम अपने परिवार में एक-दूसरे के लिए अपना स्नेह कैसे दिखाते हैं?

3. हम ऐसे बहुत से लोगों का ध्यान रखते हैं जो हमारे परिवार में नहीं है। वे कौन हैं? हम उनका ध्यान कैसे रखते हैं?


(घ) गतिविधि

वर्ग पहेली

नीचे दी गई वर्ग पहेली में खेलों से जुड़े किन्हीं पाँच नामों को ढूंढ़िए और उन पर गोला लगाइए। एक उदाहरण दिया गया है।

रं ले खि
ड़े टू के ट् टू लौ
गें जो हे ज्ञा ने
गु गू मा टे
गु ल् ला री
ड़ि ची यो डं
या पु लो ठु ली