पाठ - 2
अपने परिवेश को जानना
घर वापस लौटते हुए
विद्यालय की कक्षाएँ समाप्त हो गईं और छुट्टी की घंटी बज गई। विद्यार्थी, अपने शिक्षकों द्वारा पुस्तकालय में दिखाई गई अद्भुत पुस्तकों के बारे में उत्साह से बातें कर रहे थे। विद्यालय की बसें और बहुत से ई-रिक्शा विद्यालय के द्वार पर प्रतीक्षा कर रहे थे।
नव्या ने अपने दादाजी को विद्यालय के प्रवेश द्वार के बाहर खड़े देखा। वह दौड़ती हुई उनके पास गई और बोली, “दादाजी, आज हम बाजार वाले रास्ते से चलते हैं!"
वे चलकर बस स्टैंड पर गए, जहाँ कुछ लोग पहले से ही बस की प्रतीक्षा कर रहे थे।
एक बस आई, दरवाजे खुले और सब लोग एक-एक करके बस में चढ़ गए। नव्या को खिड़की के पास बैठने का स्थान मिल गया और वह बाहर देखने लगी।
जैसे ही बस एक कोने पर लाल रंग की डाकपेटी के पास से गुजरी, वैसे ही नव्या ने उसकी ओर इशारा करते हुए कहा, दादाजी, "देखो, डाकपेटी!"
दादाजी बोले, "हाँ नव्या, तुम पत्र लिखकर इसमें डाल सकती हो।" उन्होंने आगे बताया, "जब मैं छोटा था तो मैं अपने भाई को पत्र लिखा करता था। वह उस समय एक अन्य शहर में पढ़ाई कर रहा था। मैं वह पत्र डाकपेटी में डाल देता था। फिर डाकिया उसे डाकघर ले जाता था। डाकघर में पत्रों को अलग-अलग क्षेत्रों के अनुसार छाँटा जाता और उनके गंतव्यों तक भेज दिया जाता था। ये डाकघर विभिन्न प्रकार की सेवाएँ भी प्रदान करते हैं।"
गतिविधि (1)
1. अपने मित्र को पत्र लिखिए और उसे डाकपेटी में डालिए।
2. शिक्षक, विद्यार्थियों को डाकघर दिखाने के लिए ले जा सकते हैं। वहाँ वे डाकघर में होने वाली विभिन्न गतिविधियों को जानने का प्रयास कर सकेंगे।
शिक्षण संकेत
विद्यार्थियों को एक-दूसरे को अथवा तीन-तीन के समूहों में पत्र लिखने के लिए प्रेरित कीजिए, जिससे सभी विद्यार्थी पत्र भेजें और प्राप्त करें। इसका उद्देश्य यह है कि विद्यार्थी पत्र-लेखन का अनुभव और पत्र भेजने और प्राप्त करने का आनंद प्राप्त करें। विद्यार्थियों को अपनेपन और पारस्परिक संवाद का महत्व समझाएँ।
लिखिए
1. क्या आपने या आपके परिवार के किसी सदस्य ने कभी कोई पत्र या पार्सल भेजा या प्राप्त किया है?
2. डाकघर लोगों को एक-दूसरे के साथ संबंध बनाए रखने में कैसे सहायता करता है?
क्या आप जानते हैं?
बहुत पहले लोग नगाड़े की थाप पर मुनादी और पत्थरों पर चित्र उकेर कर संवाद करते थे।
बाद में लोग संदेशवाहकों और कबूतरों के द्वारा पत्र भेजने लगे।
बहुत समय के बाद डाक सेवा आरंभ हुई। इसका उपयोग पत्र, पार्सल और महत्वपूर्ण प्रलेख भेजने के लिए किया जाने लगा।
समय के साथ टेलीफोन, रेडियो और टेलीविजन जैसी नई खोजों ने संचार और सूचनाओं के आदान-प्रदान को सुगम बना दिया।
आज हमारे पास मोबाइल फोन और इंटरनेट का उपयोग करने वाले कंप्यूटर हैं। इंटरनेट की सहायता से हम कुछ ही सेकंड में कहीं से भी किसी से भी संपर्क कर सकते हैं।
"क्या आपके पास मोबाइल फोन नहीं था?" नव्या ने पूछा। दादाजी हँसते हुए बोले, "नहीं नव्या, पहले हम पत्र लिखा करते थे। कभी-कभी उत्तर आने में कई सप्ताह लग जाते थे।" "एक सप्ताह ! यह तो सचमुच बहुत लंबा समय है!" नव्या ने आश्चर्य से कहा। दादाजी ने कहा, "हाँ, अब मोबाइल फोन और ई-मेल के कारण संचार बहुत तीव्र हो गया है, परंतु कभी-कभी मुझे हाथ से लिखे पत्रों को भेजने और पाने का आनंद याद आता है।"
गतिविधि 2
बड़ों से साक्षात्कार
1. अपने पास-पड़ोस के वृद्ध लोगों से बात कीजिए और पता लगाइए कि जब वे आपकी आयु में थे, तब वे एक-दूसरे से कैसे संवाद स्थापित करते थे। उनके उत्तरों की तुलना आज के समय में अपने और अपने मित्रों के संवाद करने के ढंग से कीजिए और नीचे दी गई तालिका को भरिए -
|
श्रेणी |
पहले के समय में संचार |
वर्तमान समय में संचार |
|
संचार के प्रकार |
पत्र, टेलीग्राम |
इंटरनेट, सोशल मीडिया, मोबाइल संदेश |
|
संचार की गति |
||
|
संचार की आवृत्ति |
||
|
संचार की भाषा |
||
|
संचार में आने वाली चुनौतियाँ |
समय के साथ लोगों के संवाद करने के विविध प्रकार विकसित हुए हैं। पहले के समय में सामान्यतः इसके लिए पत्रों का उपयोग होता था, किंतु वर्तमान में मोबाइल संदेश और वीडियो कॉल के माध्यम से संवाद बहुत तीव्र हो गया है। नई प्रौद्योगिकियों ने परस्पर एक-दूसरे के संपर्क में बने रहना सरल कर दिया है।
चर्चा कीजिए
1. पहले के समय में पत्रों को दूसरों तक पहुँचने में बहुत समय लगता था। आपको क्या लगता है कि इससे सूचनाओं के आदान-प्रदान पर क्या प्रभाव पड़ता होगा?
2. अब लोग जिस तरह से संचार करते हैं, वह पहले से किस प्रकार भिन्न है?
3. आजकल छोटे-छोटे संदेशों से समाचार साझा करना सरल हो गया है, परंतु कभी-कभी गलत सूचना भी बहुत तीव्रता से प्रसारित हो जाती है। हम कैसे सुनिश्चित कर सकते हैं कि जो समाचार हम साझा कर रहे हैं, वह सही हो?
एक मोड़ पर बस घूमी तो नव्या ने एक मेट्रो रेल को जाते हुए देखा। वह चौंककर बोली! "देखिए तो दादाजी! रेल कितनी तीव्र गति से चल रही है।"
"नव्या, मेट्रो रेल बहुत तीव्र गति से चलती है। इसके अतिरिक्त, ऊँचे रास्ते भी होते हैं, जिन्हें उपरिगामी सेतु (फ्लाईओवर) कहा जाता है। ये वाहनों को व्यस्त सड़कों और चौराहों के ऊपर से पार करने में सहायता करते हैं। इससे यात्रियों का समय बचता है।"
शिक्षण संकेत
जिन विद्यार्थियों ने मेट्रो रेल में यात्रा की है, उन्हें अपने अनुभव साझा करने के लिए प्रोत्साहित करें जिसमें वे बताएँ कि उन्होंने क्या देखा, उन्हें टिकट कैसे मिला और उन्हें क्या रोचक लगा।
दादाजी ने समझाया, "कुछ उपरिगामी सेतु मेट्रो के लिए बनाए जाते हैं और कुछ बसों और कारों के लिए।"
दादाजी ने आगे कहा, "ये आधुनिक सुविधाएँ और सेवाएँ, जैसे - उपरिगामी सेतु और मेट्रो हमारे लिए जीवन को सरल बना रही हैं, किंतु अनेक पशु, पक्षी और वृक्ष जो पहले यहाँ होते थे, अब इन सब परिवर्तनों के कारण यहाँ नहीं हैं।"
नव्या ने कहा, "मैं सोचती हूँ कि क्या हम पर्यावरण को सुरक्षित रखते हुए विकास कर सकते हैं!"
दादाजी ने कहा, "हाँ, संतुलन बनाकर ऐसा किया जा सकता है। अगर हम वृक्ष लगाएँ तो हम अपने पर्यावरण को सुरक्षित रख सकते हैं।"
लिखिए
1. आप यातायात के किस साधन का सबसे अधिक उपयोग करते हैं?
2. क्या आप नीचे दिए गए चित्रों में दिखाई गई संरचनाओं एवं यातायात के साधनों की पहचान कर सकते हैं और समझा सकते हैं कि इन्होंने यात्रा को तीव्र और संपर्क को बेहतर कैसे बनाया है?
पता लगाइए
जब आपके माता-पिता और दादा-दादी आपकी आयु के थे, तब वे विद्यालय या अन्य स्थानों पर कैसे जाते थे? क्या यह आपके आज की यात्रा के प्रकार से भिन्न है? नीचे दी गई तालिका में अपना विवरण लिखिए।
|
आप |
माता-पिता |
दादा-दादी |
कुछ समय बाद कुछ लोग एक बस स्टैंड पर उतरे जो एक चिकित्सालय के पास था। नव्या ने चिकित्सालय के बाहर एक बैनर देखा जिस पर लिखा था -'नेत्र जाँच शिविर'। बहुत-से लोग उस अस्पताल की ओर जा रहे थे।
"यह क्या है? इतने सारे लोग यहाँ क्यों जा रहे हैं?" उसने आश्चर्य से पूछा।
दादाजी ने उत्तर दिया, "नव्या, यह एक चिकित्सालय है। लोग जब अस्वस्थ होते हैं, तब यहाँ आते हैं। कुछ साल पहले मैं तुम्हारी दादी को उनकी आँखों का ऑपरेशन करवाने के लिए यहाँ लाया था। चिकित्सकों ने उनकी आँखों की रोशनी बेहतर कर दी जिससे उनके जीवन में बड़ा परिवर्तन आया। यह चिकित्सालय हमारे समुदाय का एक महत्वपूर्ण भाग है। आज यह आँखों की जाँच के लिए शिविर आयोजित कर रहा है।"
लिखिए
उन लोगों की सूची बनाइए जो चिकित्सालय या स्वास्थ्य केंद्र में कार्य करते हैं और नीचे दी गई तालिका में उनके काम लिखिए। तालिका में एक उदाहरण दिया गया है।
|
व्यक्ति |
चिकित्सालय / स्वास्थ्य केंद्र में भूमिका |
|
चिकित्सक |
रोगियों का उपचार करते हैं और दवाइयाँ लिखते हैं। |
|
नर्स |
|
|
- |
|
|
- |
|
भविष्य के लिए बचत
बस उनके घर के निकट एक स्टैंड पर रुकी। दादाजी और नव्या बस से उतर गए। घर जाते समय वे एक बैंक के समीप से निकले जहाँ एक ए.टी.एम. मशीन लगी थी।
नव्या ने उत्सुकता से पूछा, "दादाजी, यह कैसी मशीन है?" दादाजी ने बताया, "यह ए.टी.एम. है। इसका पूरा नाम 'ऑटोमेटेड टेलर मशीन' है। यह हमें किसी भी समय आवश्यकता के अनुसार बैंक से पैसे निकालने में सहायता करती है।"
नव्या ने पूछा, "परंतु दादाजी, हम अपना धन बैंक में रखते ही क्यों हैं?"
"बैंक एक ऐसा विशेष स्थान है, जहाँ हमारा धन सुरक्षित रहता है। यह हमें हमारी भावी आवश्यकताओं के लिए बचत करने में भी सहायता करता है", दादाजी ने उत्तर दिया।
"जब मैं तुम्हारी आयु का था, तब ए.टी.एम. नहीं होते थे। हमें बैंक जाना पड़ता था और लंबी कतारों में खड़ा रहना पड़ता था। इसके अतिरिक्त हम डाकघर से मनीऑर्डर के माध्यम से पैसे भेजते थे।"
"परंतु अब हम मोबाइल फोन से कुछ ही सेकंडों में पैसे ऑनलाइन भेज सकते हैं! मामा जी ने रक्षाबंधन पर हमारे लिए उपहार खरीदने के लिए मम्मी को पैसे इसी प्रकार भेजे थे", नव्या ने उत्साह से कहा।
हाँ, "तुम सही कहती हो, प्रौद्योगिकी ने बहुत से कामों को सरल बना दिया है", दादाजी ने सहमति जताई।
चर्चा कीजिए
यदि आपको किसी को पैसे भेजने हों तो आप कौन-सी विधि चुनेंगे फोन का उपयोग करके, मनीऑर्डर द्वारा अथवा किसी अन्य विधि से? अपने उत्तर के समर्थन में तर्क दीजिए।
लिखिए
1. यदि आपको जेब-खर्च (पॉकेट मनी) मिलता है, तो क्या आप उसे बचाते हैं? यदि हाँ, तो आप अपनी बचत कहाँ रखते हैं?
2. आपको क्यों लगता है कि पैसे बचाना आवश्यक है?
3. अधिक पैसे बचाने के लिए आप और कौन-कौन से उपाय कर सकते हैं?
4. अपने परिवार के किसी सदस्य से उनकी बैंक पासबुक दिखाने का निवेदन कीजिए। पासबुक के प्रथम पृष्ठ पर दी गई महत्वपूर्ण जानकारियों को लिखिए।
गतिविधि (3)
1. अपने आस-पास के किसी बैंक में जाकर या अपने बड़ों से पूछकर जानकारी लीजिए कि बैंक कैसे काम करता है। इसके पश्चात, नीचे दिए गए प्रश्नों के उत्तर दीजिए-
(क) पैसों की बचत के अतिरिक्त लोग बैंकों का और क्या-क्या उपयोग करते हैं?
(ख) ए.टी.एम. क्या होता है और यह लोगों की सहायता कैसे करता है?
2. किसी भारतीय मुद्रा का नोट लीजिए। उसे ध्यान से देखिए और नीचे दिए गए प्रश्नों के उत्तर दीजिए -
(क) नोट का मूल्य क्या है?
.........................
(ख) नोट पर कितनी भाषाएँ दिखाई दे रही हैं?
.........................
(ग) नोट पर कौन-कौन से चित्र या प्रतीक बने हुए हैं?
.........................
शिक्षण संकेत
किसी बैंक के क्षेत्र-भ्रमण (फील्ड विजिट) की व्यवस्था कीजिए। विद्यार्थियों से चर्चा करके उन्हें इस बात के लिए तैयार कीजिए कि बैंक में वे क्या देख सकते हैं और क्या सीख सकते हैं। विद्यार्थियों को प्रश्न पूछने और पैसों के प्रबंधन की प्रक्रिया को देखने के लिए प्रेरित कीजिए।
क्या आप जानते हैं?
बहुत पहले लोग वस्तु विनिमय प्रणाली का उपयोग वस्तुओं और सेवाओं के आदान-प्रदान के लिए करते थे। उदाहरण के लिए, एक किसान किसी चरवाहे से दूध के बदले गेहूँ का आदान-प्रदान कर सकता था। हालाँकि सही विनिमय साझेदार और सही मूल्य ढूँढ़ना हमेशा सरल नहीं होता था। आदान-प्रदान को सुगम बनाने के लिए मुद्रा का आविष्कार किया गया।
अपने आस-पड़ोस का अवलोकन
जैसे ही नव्या घर पहुँची, वह दौड़ती हुई अपने भाई के पास गई और उसके साथ अपने अनुभव साझा किए।
सार्वजनिक स्थल लोगों को स्वास्थ्य, सुरक्षा, स्वच्छता या पर्यावरण से संबंधित सेवाएँ प्रदान करके उनकी सहायता करते हैं। इनमें चिकित्सालय, बैंक, डाकघर, पुलिस थाना, सार्वजनिक पुस्तकालय, बस स्टैंड आदि स्थान सम्मिलित हो सकते हैं।
नव्या ने एक पेंसिल और कागज लिया और अपने पास-पड़ोस का मानचित्र बनाने बैठ गई।
सूर्योदय के आधार पर उसने पूर्व दिशा को पहचाना। इसके आधार पर उसने अपने घर के चारों ओर के सार्वजनिक स्थानों को कागज पर चित्रित किया।
पूर्व की दिशा वाले स्थान कागज के दाईं ओर दिखाई देते हैं। इसी प्रकार उत्तर दिशा के स्थान ऊपर की ओर, दक्षिण दिशा के स्थान नीचे की ओर और पश्चिम दिशा के स्थान बाईं ओर दिखाए जाते हैं।
मानचित्र पर दिशाओं का निरूपण इस प्रकार होता है ऊपर की ओर उत्तर, नीचे की ओर दक्षिण, दाईं ओर पूर्व और बाईं ओर पश्चिमा
लिखिए
1. ऊपर दिए गए चित्र को देखिए और लिखिए कि नव्या के घर के समीप उत्तर, पूर्व, पश्चिम और दक्षिण दिशा में कौन-कौन से स्थान हैं।
|
दिशा |
स्थान |
|
उतर |
|
|
पूर्व |
|
|
पश्चिम |
|
|
दक्षिण |
|
2. अगले पृष्ठ पर दिए चित्र को देखिए और कल्पना कीजिए कि आपका विद्यालय मध्य में है। विद्यालय के समीप कौन-कौन से भवन या क्षेत्र हैं? उनके नाम और उनकी दिशाएँ नीचे दिए गए स्थानों में लिखिए।
3. कल्पना कीजिए कि आप अपने मित्र को विद्यालय के पास अपने प्रिय स्थान पर जाने का मार्ग बता रहे हैं। आप दिशाओं (बाएँ, दाएँ, आगे, पीछे) और पहचान चिह्नों (लैंडमार्क) का उपयोग करके इसे कैसे समझाएँगे?
स्थान : ............................................................
निर्देश : ..........................................................
शिक्षण संकेत
विद्यार्थियों को विशिष्ट पहचान चिह्नों की सहायता से स्थानों की सरलता से पहचान करने के लिए प्रोत्साहित कीजिए। ऐसे कुछ विशिष्ट पहचान चिह्नों के उदाहरण दीजिए।
गतिविधि 4
'अपने विद्यालय से सार्वजनिक पुस्तकालय अथवा निकट के किसी अन्य स्थान तक का मार्ग दिखाने वाला मानचित्र बनाइए। इस मानचित्र में उद्यान, दुकानें, चिकित्सालय, बस स्टैंड आदि जैसे विशिष्ट स्थानों के पहचान चिह्न अंकित कीजिए।
आइए विचार करें
1. कल्पना कीजिए कि आपके पास एक महीने तक खर्च करने लिए ₹100 हैं। आपका काम यह योजना बनाना है कि कैसे बुद्धिमानी से खर्च करें और बचत करें। स्टेशनरी, खाने-पीने की वस्तुएँ, खिलौने आदि के लिए अपने खर्चों के विषय में सोचिए। निर्धारित कीजिए कि आप अपनी गुल्लक में कितना बचाएँगे और कितना अपने खर्चों के लिए उपयोग में लाएँगे। इस योजना को बनाने के बाद सोचिए कि धन बचाने से आपको भविष्य में कैसे सहायता मिल सकती है।
अपना आय-व्यय पत्रक बनाने के लिए नीचे दी गई तालिका का उपयोग कीजिए-
|
श्रेणी |
नियोजित राशि |
आपने यह राशि ही क्यों चुनी? |
|
बचत |
|
|
|
व्यय |
|
|
2. कल्पना कीजिए कि अपने पास-पड़ोस को उत्तम बनाने का उत्तरदायित्व आपके समूह पर है। चर्चा कीजिए कि इसके लिए आप कौन-सी नई सेवाएँ या सुविधाएँ जोड़ना या सुधारना चाहेंगे। बताइए कि ये परिवर्तन समुदाय में सभी व्यक्तियों के लिए कैसे सहायक होंगे।
3. कक्षा गतिविधि के रूप में अपने आस-पास के वरिष्ठों की सहायता लीजिए और उन लोगों की सूची बनाइए जिन्होंने कोविड-19 के दौरान समुदाय की सहायता की थी। इनमें चिकित्सक, नर्स, स्वच्छता कर्मचारी, दुकानदार, शिक्षक और अन्य लोग सम्मिलित हो सकते हैं। चर्चा कीजिए कि उन्होंने समुदाय को कैसे सुरक्षित बनाया और उन्हें धन्यवाद देना क्यों आवश्यक है।
4. क्या आप नीचे दिए गए बॉक्स में प्रत्येक सेवा में सम्मिलित व्यक्तियों और वाहनों की सूची दे सकते हैं? एक उदाहरण दिया गया है।
