1

भारत - आकार और स्थिति

भारत विश्व की प्राचीनतम संस्कृतियों में से एक है। पिछले पाँच दशकों में भारत ने सामाजिक-आर्थिक रूप से बहुमुखी उन्नति की है। कृषि, उद्योग, तकनीकी और सर्वांगीण आर्थिक विकास में अद्भुत प्रगति हुई है। भारत का विश्व इतिहास में भी महत्त्वपूर्ण योगदान रहा है।

स्थिति

भारत एक विशाल देश है। यह उत्तरी गोलार्ध में स्थित है (चित्र 1.1) और इसका मुख्य भाग 8°4' उत्तर से 37°6' उत्तर अक्षांश तथा 68°7' पूर्व से 97°25' पूर्व देशांतर तक है। कर्क रेखा 23°30' उत्तर में देश को लगभग दो बराबर भागों में बाँटती है। मुख्य भूभाग के दक्षिण-पूर्व में, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह बंगाल की खाड़ी में तथा दक्षिण-पश्चिम में लक्षद्वीप द्वीप समूह अरब सागर में स्थित हैं। अपनी एटलस की सहायता से इन द्वीप समूहों का विस्तार ज्ञात करो।

703.png

भारतीय संघ राज्य का सबसे दक्षिणी बिंदु, जो इंदिरा बिंदु कहा जाता था, सन् 2004 में सुनामी लहरों के कारण समुद्र में जलमग्न हो गया।


671.png
चित्र 1.1 : भारत और विश्व

आकार

भारत के भूभाग का कुल क्षेत्रफल लगभग 32.8 लाख वर्ग कि.मी. है। भारत का क्षेत्रफल विश्व के कुल भौगोलिक क्षेत्रफल का 2.4 प्रतिशत है। चित्र 1.2 से स्पष्ट है कि भारत विश्व का सातवाँ बड़ा देश है। भारत की स्थल सीमा रेखा लगभग 15,200 कि.मी. और समुद्री तट रेखा अंडमान और निकोबार द्वीप समूह तथा लक्षद्वीप समूह के साथ 7,516.6 कि.मी. है।

भारत के उत्तर-पश्चिम, उत्तर तथा उत्तर-पूर्वी सीमा पर नवीनतम वलित पर्वत है। इसके दक्षिण का भूभाग उत्तर में चौड़ा है और 22 उत्तरी अक्षांश से हिंद महासागर की ओर संकरा होता गया है। इसके पश्चिम में अरब सागर तथा पूर्व में बंगाल की खाड़ी स्थित है।

चित्र 1.3 में देखिए कि अक्षांश और देशांतर का विस्तार लगभग 30 है। परंतु फिर भी पूर्व-पश्चिम का विस्तार उत्तर-दक्षिण के विस्तार की अपेक्षा कम प्रतीत होता है।

गुजरात से अरुणाचल प्रदेश के स्थानीय समय में दो घंटे का अंतर है अतः 8230' पूर्व देशांतर रेखा को भारत की मानक याम्योत्तर माना गया है जो कि उत्तर प्रदेश में मिर्जापुर से गुजरती है। अक्षांश का प्रभाव दक्षिण से उत्तर की ओर, दिन और रात की अवधि पर पड़ता है।

740.png
• 82°30' पूर्व देशांतर को भारत की मानक याम्योत्तर क्यों माना गया है?
• कन्याकुमारी और कश्मीर में दिन-रात की अवधि में अंतर क्यों है?


भारत तथा विश्व

भारतीय भूखंड एशिया महाद्वीप के पूर्व और पश्चिम के मध्य में स्थित है। भारतीय भूभाग एशिया महाद्वीप का दक्षिणी विस्तार है। हिंद महासागर जो कि पश्चिम मेें यूरोपीय देशों और पूर्वी एशियाई देशों को मिलाता है भारत को केंद्रीय स्थिति प्रदान करता है। देखिए, दक्षिण का पठार हिंद महासागर में शीर्षवत् फैला हुआ है और पश्चिम एशिया, अफ्रीका और यूरोप के देशों के साथ-साथ पूर्वी एशिया के देशों से भी पूर्वी तट के माध्यम से निकटतम संबंध बनाए हुए है। हिंद महासागर में किसी भी देश की तटीय सीमा भारत जैसी नहीं है। भारत की इसी महत्त्वपूर्ण स्थिति के कारण एक महासागर का नाम इसके नाम पर रखा गया है।

740.png
• सन् 1869 में स्वेज़ नहर के खुलने से भारत और यूरोप के बीच दूरी 7,000 कि॰मी॰ कम हो गई है।

775.png

चित्र 1.2 : विश्व के सात बड़े देश

भारत का विश्व के देशों के साथ संपर्क युगों पुराना है परंतु यह संबंध समुद्री जलमार्गों की अपेक्षा भूभागों से होकर था। उत्तरी पर्वतों के दर्रों से अनेक यात्री प्राचीन काल में भारत आए। जबकि समुद्री मार्ग बहुत समय तक ज्ञात नहीं थे।

tF-c1-3.tif

चित्र 1.3 : भारत - विस्तार एवं मानक रेखा

स्रोत : यूनाइटेड नेशंस डेमोग्राफ़िक इयर बुक 2015


Figure%201-4.tif

चित्र 1.4 : भारत - अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मार्ग

इन मार्गों से प्राचीन समय से विचारों और वस्तुओं का आदान-प्रदान होता रहा है। भारत का पश्चिम-मध्य और पूर्वी एशिया तथा दक्षिणी एशिया के पड़ोसी देशों के साथ एक अद्भुत संपर्क रहा है। इसी प्रकार उपनिषदों के विचार, रामायण तथा पंचतंत्र की कहानियाँ, भारतीय अंक एवं दशमलव प्रणाली आदि संसार के विभिन्न भागों तक पहंुँच सके। मसाले, मलमल आदि कपड़े तथा व्यापार के अन्य समान भारत से विभिन्न देशों को ले जाए जाते थे। इसके विपरीत यूनानी स्थापत्यकला तथा पश्चिमी एशिया की वास्तुकला के प्रतीक मीनारों तथा गुंबदों का प्रभाव हमारे देश के विभिन्न भागों में देखा गया।


भारत के पड़ोसी देश

भारत का दक्षिण एशिया में एक महत्त्वपूर्ण स्थान है। भारत में 28 राज्य और 9 केंद्र शासित क्षेत्र हैं। (चित्र 1.5)


पश्चिमी और पूर्वी तटों पर केंद्र शासित क्षेत्रों की संख्या ज्ञात कीजिए।

क्षेत्रफल के आधार पर सबसे बड़ा एवं सबसे छोटा राज्य कौन-सा है?

कौन-से राज्य अंतर्राष्ट्रीय सीमा तथा समुद्र तट को स्पर्श नहीं करते हैं?

(i) पाकिस्तान (ii) चीन (iii) म्यांमार और (iv) बांग्लादेश की सीमाओं को छूने वाले राज्यों को चार वर्गों में विभाजित कीजिए। उदाहरणार्थ उन राज्यों को एक वर्ग में रखिए जिनकी सीमाएँ पाकिस्तान से मिलती हैं। इसी तरह अन्य शेष वर्ग बनाइए।

भारत की भूमि की सीमाएँ उत्तर-पश्चिम में पाकिस्तान और अ\फ़गानिस्तान के साथ, उत्तर में चीन (तिब्बत) नेपाल और भूटान के साथ तथा पूर्व में म्यांमार बांग्लादेश के साथ हैैं। दक्षिण में समुद्र पार हमारे पड़ोसी दो द्वीप समूह राष्ट्र श्रीलंका और मालदीव हैं। भारत और श्रीलंका के बीच में छोटा समुद्री रास्ता पाक जलसंधि तथा मन्नार की खाड़ी है। मालदीव, लक्षद्वीप समूह के दक्षि में स्थित है।


819.png

सन् 1947 से पूर्व भारत में दो प्रकार के राज्य थे, प्रांत और रियासत। वायसराय द्वारा नियुक्त अंग्रेज अधिकारी प्रांतों पर शासन करते थे और रियासतों का शासन स्थानीय शासकों द्वारा पैतृकता के आधार पर अंग्रेज़ी शासकों की प्रभुसत्ता मानकर स्वायत्तता से किया जाता था।

India%20or%20padosi%20Desh.tif

 चित्र 1.5 : भारत और पड़ोसी देश

अपने पड़ोसी देशों के साथ भारत के भौगोलिक और एेतिहासिक संबंध बहुत अच्छे रहे हैं। अपनी एटलस में एशिया के मानचित्र में देखा कि भारत कैसे अलग दिखाई देता है।


865.png

स्कूल भुवन एक पोर्टल है जो देश के प्राकृतिक संसाधनों, पर्यावरण और सतत विकास में उनकी भूमिका के बारे में छात्रों के बीच जागरुकता लाने के लिए मानचित्र आधारित शिक्षा प्रदान करता है। यह एनसीईआरटी पाठ्यक्रम के आधार पर भुवन-एनआरएससी/इसरो की एक पहल है। आप माध्यमिक स्तर से संबंधित भारत के विभिन्न मानचित्रों को देख सकते हैं।

http://bhuvan-app1.nrsc.gov.in/mhrd_ncert/ 


अभ्यास

1. निम्नलिखित चार उत्तराें में से उपयुक्त उत्तर चुनिएः

(i) कर्क रेखा किस राज्य से नहीं गुजरती है?

(क) राजस्थान (ख) उड़ीसा

(ग) छत्तीसगढ़ (घ) त्रिपुरा

(ii) भारत का सबसे पूर्वी देशांतर कौन-सा है?

(क) 97° 25' पू (ख) 77° 6' पू

(ग) 68° 7' पू (घ) 82° 32' पू

(iii) उत्तराखण्ड, उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल और सिक्किम की सीमाएँ किस देश को छूती हैं?

(क) चीन (ख) भूटान

(ग) नेपाल (घ) म्यांमार

(iv) ग्रीष्मावकाश में आप यदि कवरत्ती जाना चाहते हैं तो किस केंद्र शासित क्षेत्र में जाएँगे?

(क) पुडुचेरी (ख) लक्षद्वीप

(ग) अंडमान और निकोबार (घ) दीव और दमन

(v) मेरे मित्र एक एेसे देश के निवासी हैं जिस देश की सीमा भारत के साथ नहीं लगती है। आप बताइए, वह कौन-सा देश है?

(क) भूटान (ख) ताज़िकिस्तान

(ग) बांग्लादेश (घ) नेपाल

2. निम्न प्रश्नों के उत्तर संक्षेप में दीजिएः

(i) अरब सागर तथा बंगाल की खाड़ी में स्थित द्वीप समूह के नाम बताइए। दक्षिण में कौन-कौन से द्वीपीय देश हमारे पड़ोसी हैं?

(ii) उन देशों के नाम बताइए जो क्षेत्रफल में भारत से बड़े हैं?

(iii) हमारे उत्तर-पश्चिमी, उत्तरी तथा उत्तर-पूर्वी पड़ोसी देशों के नाम बताइए।

(iv) भारत में किन-किन राज्यों से कर्क रेखा गुजरती है, उनके नाम बताइए।

3. सूर्योदय अरुणाचल प्रदेश के पूर्वी भाग में गुजरात के पश्चिमी भाग की अपेक्षा 2 घंटे पहले क्यों होता है, जबकि दोनों राज्यों में घड़ी एक ही समय दर्शाती है? स्पष्ट कीजिए।

4. हिंद महासागर में भारत की केंद्रीय स्थिति से इसे किस प्रकार लाभ प्राप्त हुआ है?


मानचित्र कौशल

1. निम्नलिखित की मानचित्र की सहायता से पहचान कीजिए :

(i) अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में स्थित द्वीप समूह।

(ii) भारतीय उपमहाद्वीप किन देशों से मिलकर बनता है?

(iii) कर्क रेखा कौन-कौन से राज्यों से गुजरती है?

(iv) भारतीय मुख्य भूभाग का दक्षिणी शीर्ष बिंदु।

(v) भारत का सबसे उत्तरी अक्षांश

(vi) अंशों में भारत के मुख्य भूभाग का दक्षिणी अक्षांश

(vii) भारत का सबसे पूर्वी और पश्चिमी देशांतर

(viii) सबसे लंबी तट रेखा वाला राज्य

(ix) भारत और श्रीलंका को अलग करने वाली जलसंधि

(x) भारत के केंद्र शासित क्षेत्र


परियोजना कार्य

(i) अपने राज्य का विस्तार अक्षांश और देशांतर में ज्ञात कीजिए।

(ii) ‘रेशम मार्ग’ के बारे में सूचना एकत्र कीजिए। यह भी ज्ञात कीजिए की किन नई विकास योजनाओं द्वारा उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में आवागमन के मार्ग विकसित किए गए हैं?